भीलवाड़ा। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश रश्मि आर्य ने गुरुवार को प्रसूति गृह, महात्मा गांधी चिकित्सालय एवं सखी सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रश्मि आर्य ने महात्मा गांधी चिकित्सालय के प्रसूति गृह के लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर और वार्डों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में नवजात शिशुओं एवं नवप्रसूता महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा उन्हें दी जा रही अन्य चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। इस दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने सखी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर की प्रबंधक अनु कंवर से यहां आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बच्चियों से संबंधित प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली तथा मामलों में आवश्यक कार्रवाई और व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए।
निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल एवं सखी सेंटर में महिलाओं और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सेवाओं की स्थिति का जायजा लेना और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना रहा।
