70वीं जिला स्तरीय अंडर-17 एवं अंडर-19 नेटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

खबर को शेयर करे :-

42 टीमों के 450 से अधिक खिलाड़ी ले रहे भाग, चार दिवसीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे खेल प्रतिभा

भीलवाड़ा। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित 70वीं जिला स्तरीय अंडर-17 एवं अंडर-19 छात्र-छात्रा नेटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बापू नगर में हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ रहे। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र सुथार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विभागीय प्रतिनिधि भैरूलाल जाट, तकनीकी सलाहकार रघुवीर कुमावत एवं पूनम जीनगर भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं आयोजन सचिव की जिम्मेदारी विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता नानकानी ने निभाई।

42 टीमों के 450 से अधिक खिलाड़ी शामिल

आयोजन सचिव सुनीता नानकानी ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में 42 टीमों के 450 से अधिक विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बाहर से आए खिलाड़ियों के आवास एवं भोजन की व्यवस्था विद्यालय छात्रावास, स्थानीय विद्यालय तथा राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, बापू नगर में की गई है।

प्रतियोगिता के सभी मुकाबले विद्यालय के दोनों खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ ने अपने संबोधन में कहा कि भीलवाड़ा जिला नेटबॉल के क्षेत्र में लगातार अच्छा प्रदर्शन करता रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए खेल भावना और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने तथा अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के खेल प्रकोष्ठ से रोशन देवपुरा सहित स्थानीय विद्यालय की एसडीएमसी के सदस्य एवं भामाशाह सुमित्रा वैष्णव, हंसा पारीक, लव कुमार जोशी एवं सुनीता स्वर्णकार सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन सुनीता जोशी एवं राधेश्याम रेगर ने किया। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर विद्यालय एवं शिक्षा विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी की गई हैं।

खबर को शेयर करे :-