आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम, आशा सहयोगिनियों का हुआ सम्मान

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 25 सितंबर। जिले में जनसेवा एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आमजन की भागीदारी बढ़ाने और विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत 25 सितंबर 2026 को जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 27 सितंबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर जारी रहेगा।

आशा सहयोगिनियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी आशा सहयोगिनियों का सार्वजनिक अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यरत आशा सहयोगिनी का स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं उपस्थित अधिकारियों द्वारा सम्मान किया गया।

सम्मान के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा आशा सहयोगिनियों के लिए जारी पत्र का वाचन किया गया। इसके बाद आशा सहयोगिनियों को पुष्पगुच्छ एवं पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री के पत्र का वाचन उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष भी किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आईसीडीएस विभाग के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित किया और निर्धारित दिवस पर आशा सहयोगिनियों की सहभागिता सुनिश्चित की।

स्वास्थ्य सेवाओं में आशा सहयोगिनियों की महत्वपूर्ण भूमिका

जिला आशा समन्वयक बलवीर ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में चिकित्सा विभाग के चिकित्सा अधिकारी, एएनएम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित कार्मिकों ने सक्रिय रूप से सहभागिता निभाई।

उन्होंने बताया कि आशा सहयोगिनियां ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करती हैं। वे गर्भवती महिलाओं, नवजात एवं बच्चों की देखभाल, टीकाकरण, परिवार कल्याण, पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के तहत 27 सितंबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

खबर को शेयर करे :-