भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रही श्री शिव महापुराण कथा को लेकर शहर में भक्ति का माहौल चरम पर है। कथा से पूर्व निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा में मातृशक्ति का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के प्रमुख मार्गों पर जहां तक नजर गई, वहां चुंदड़ी ओढ़े महिलाओं की कतारें ही दिखाई दीं।
न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के तत्वावधान में, संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में 8 अप्रैल से सात दिवसीय कथा का आयोजन शुरू होगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
2100 मंगल कलश के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
कथा की पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम राजेंद्र मार्ग स्कूल से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में करीब 2100 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच निकली शोभायात्रा में सबसे आगे धर्म ध्वज लिए अश्वारोही आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा राजेंद्र मार्ग स्कूल से प्रारंभ होकर लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग, मुरली विलास रोड, अंबेडकर सर्किल, गोल प्याऊ चौराहा, बालाजी मार्केट, सूचना केंद्र चौराहा, पेच एरिया, नेताजी सुभाष मार्केट होते हुए पुनः राजेंद्र मार्ग स्कूल पहुंचकर सम्पन्न हुई।

संत-महात्माओं की रही विशेष उपस्थिति
शोभायात्रा में महंत बाबूगिरी महाराज के साथ निम्बार्क आश्रम के महंत मोहनशरण शास्त्री, हाथीभाटा आश्रम के संतदास महाराज, हरिशेवाधाम के संत गोविंदराम, संत मायाराम सहित कई संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अलावा महंत गोपालदास महाराज एवं गौभक्त लालदास महाराज बग्गी में सवार रहे, जिसमें राधा-कृष्ण की सजीव झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही।
शहरवासियों ने किया पुष्पवर्षा से स्वागत
शोभायात्रा जिन-जिन मार्गों से गुजरी, वहां शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई महिलाओं ने सिर पर साफा बांधकर भाग लिया, वहीं पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा और साफा पहने नजर आए।

आयोजन समिति की सक्रिय भूमिका
शोभायात्रा में आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक कोठारी, कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जागेटिया, संयोजक गजानंद बजाज, महासचिव पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, सह संयोजक सत्येंद्र बिरला सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
मातृशक्ति का नेतृत्व महिला प्रमुख अलका जोशी और मंजू पोखरना ने किया। वहीं कैलाश सोनी और पवन पंवार सहित कई कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रही शिव महापुराण कथा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भव्य शोभायात्रा ने शहर को पूरी तरह शिवमय बना दिया है और आने वाले सात दिनों तक भक्ति का यह रंग और गहराने वाला है।
