पतंजलि परिवार की निशुल्क योग कक्षा में गूंजा फिटनेस का मंत्र
भीलवाड़ा।शहर को स्वस्थ और निरोगी बनाने के उद्देश्य से पतंजलि परिवार द्वारा पथिक नगर के बड़े पार्क में संचालित निशुल्क योग कक्षा में आज एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों और आमजन को दैनिक जीवन में ‘फिट इंडिया’ के मूल मंत्रों को उतारने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फिट इंडिया भीलवाड़ा के संस्थापक एवं पतंजलि परिवार के संरक्षक भूपेंद्र मोगरा थे, जबकि अध्यक्षता भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी प्रेम शंकर जोशी ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश आगाल एवं पूर्व प्रधानाचार्य रेखा आगाल मंच पर उपस्थित रहे।
त्योहारों के सीजन में मिलावट के खतरे और अस्वस्थ खानपान को देखते हुए फिट इंडिया भीलवाड़ा और पतंजलि परिवार ने उप महापौर राधेश्याम सोमानी, भारत विकास परिषद के रजनीकांत आचार्य, एवं पतंजलि परिवार के संरक्षक गोविंद सोडाणी के साथ सभी वरिष्ठ योग शिक्षकों की मीटिंग आयोजित की गई। जिसमें शहरवासियों के लिए एक बड़ी राहत और अनूठी पहल की घोषणा की है। इस दीपावली पर भीलवाड़ा के नागरिकों को शुद्ध और पौष्टिक उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए मुख्य रूप से शुगर-फ्री मिठाइयां, ड्राई फ्रूट्स की विशेष मिठाइयां और अन्य कई प्रकार के हेल्दी फूड उत्पाद उचित दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे, तथा सार्वजनिक पार्कों में योग प्राणायाम ,व्यायाम, खेल की व्यवस्था की जाएगी ताकि लोग त्योहार के जश्न के साथ अपनी सेहत का भी पूरा ख्याल रख सकें।
मुख्य अतिथि भूपेंद्र मोगरा ने फिट इंडिया अभियान के तहत स्वस्थ और दीर्घायु जीवन जीने के लिए सात प्रमुख गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने नियमित योगाभ्यास, साइकिलिंग, खेल, पौष्टिक भोजन, संगीत, विभिन्न डांस और एक्यूप्रेशर को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उपस्थित सभी योग साधकों और नागरिकों को ‘फिट इंडिया’ के तहत स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में ओमप्रकाश जागेटिया, शोभा जागेटिया, रमेश बांगड़, रतन सोनी, लीला पंचोली, रेखा मराठा, कौशल्या पोरवाल और सुशीला समदानी ने भी स्वस्थ जीवन हेतु अपने विचार व्यक्त किये।
