राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को भेजा ज्ञापन
भीलवाड़ा, 30 अक्टूबर। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने दीपावली से पहले शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लंबित भुगतान करवाने की मांग उठाई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा ने मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को ज्ञापन भेजकर पीएल सरेंडर (समर्पित अवकाश के नकद भुगतान), बोनस, पेंशन सहित अन्य बकाया देयकों का तत्काल भुगतान करवाने की मांग की है।
संगठन के प्रदेश सह-संगठन महामंत्री प्रेम शंकर जोशी ने बताया कि पिछले चार-पांच महीनों से प्रदेश के कोषागारों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन के अलावा अन्य बिलों के भुगतान पर अघोषित रोक लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कई बिल कोषागार से स्वीकृत होने के बावजूद सीलिंग के नाम पर भुगतान के लिए लंबित रखे गए हैं। इससे प्रदेश के शिक्षक एवं कर्मचारी आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लंबित भुगतान नहीं होने से शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग में रोष और निराशा व्याप्त है। संगठन ने राज्य सरकार से मांग की है कि कोषागार से स्वीकृत समर्पित अवकाश के नकद भुगतान, बोनस, पेंशन एवं अन्य सभी लंबित देयकों का भुगतान दीपावली से पहले सुनिश्चित किया जाए।
संगठन का कहना है कि समय पर भुगतान होने से शिक्षक एवं कर्मचारी अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास से मना सकेंगे।
