तंबाकू के नशे के खिलाफ भीलवाड़ा में अभियान तेज, युवाओं को लत से बचाने के लिए जिलेभर में जागरूकता मुहिम

खबर को शेयर करे :-

टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत चिकित्सा संस्थानों से ग्राम पंचायतों तक पहुंच रहे स्वास्थ्य कार्मिक, आमजन को दिलाई जा रही तंबाकू से दूर रहने की शपथ

भीलवाड़ा। तंबाकू का नशा युवाओं के भविष्य और आमजन की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इसी खतरे से समाज को बचाने के लिए भीलवाड़ा जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जागरूकता की मुहिम तेज कर दी गई है। अभियान के माध्यम से युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया जा रहा है।

जिले के चिकित्सा संस्थानों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों में स्वास्थ्य कार्मिक लोगों को तंबाकू और तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही आमजन को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं किशोरों को तंबाकू की लत से बचाना और समाज में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है। इसके लिए जिलेभर में सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जागरूकता गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। इसकी लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। ऐसे में विशेष रूप से किशोरों एवं युवाओं को शुरुआत से ही तंबाकू उत्पादों से दूर रखना जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने, स्वयं तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी इसके सेवन से बचने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। विभाग का प्रयास है कि सामूहिक जागरूकता और जनभागीदारी से जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड