कॉलेज के सामने चाय की थड़ी की आड़ में बेच रहा था गांजा, 205 ग्राम अवैध मादक पदार्थ के साथ एक गिरफ्तार

खबर को शेयर करे :-

जहाजपुर पुलिस की गश्त के दौरान कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) राजकीय महाविद्यालय जहाजपुर के सामने चाय की थड़ी की आड़ में गांजा बेचने का कथित कारोबार कर रहे एक व्यक्ति को जहाजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक की थैली सहित 205 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है।

थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम 20 नवंबर को गश्त कर रही थी। इसी दौरान जालमपुरा चौराहा ग्रिड के पास एक व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर घबराकर जाने लगा। पुलिस को संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। उसने अपनी पहचान बाबूलाल (50) पुत्र रामनारायण कीर, निवासी कीर मोहल्ला जहाजपुर के रूप में बताई।

तलाशी लेने पर उसके पहने हुए कोट की जेब में रखी काले रंग की थैली से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे का वजन प्लास्टिक की थैली सहित 205 ग्राम पाया। आरोपी से मादक पदार्थ रखने एवं परिवहन करने का लाइसेंस अथवा परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण संख्या 340/2026 दर्ज किया गया है। मामले की अग्रिम जांच पंडेर थानाधिकारी शंभूदयाल सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी राजकीय महाविद्यालय जहाजपुर के सामने चाय की थड़ी लगाता था और चाय पिलाने की आड़ में चोरी-छिपे लोगों को गांजा बेचता था।

कार्रवाई में थानाधिकारी दयाराम चौधरी, हेड कांस्टेबल काशीराम तथा कांस्टेबल योगेश कुमार, मुकेश कुमार, मनोज कुमार और बाबूलाल शामिल रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड