बाल विवाह के खिलाफ भीलवाड़ा में गूंजा जागरूकता का संदेश, 500 से अधिक कार्यक्रम आयोजित

खबर को शेयर करे :-

5 हजार लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर लिया बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प, बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों का किया सम्मान

भीलवाड़ा। भारत को वर्ष 2030 तक बाल विवाह मुक्त बनाने के संकल्प के साथ देशभर में चल रहे अभियान की गूंज भीलवाड़ा जिले में भी सुनाई दी। बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के प्रथम अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर नागरिक समाज संगठन नवाचार संस्थान की ओर से जिलेभर में 500 से अधिक जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर निकाले गए कैंडल मार्च में करीब 5 हजार लोगों ने भाग लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की।

कार्यक्रमों में बाल विवाह से बचाई गई लड़कियों, बाल विवाह रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं तथा जमीनी स्तर पर सामाजिक बदलाव की वाहक महिला नेतृत्वकर्ताओं ने अगुवाई की। इस अवसर पर बाल विवाह रुकवाने वाली बहादुर बेटियों को सम्मानित भी किया गया। धर्मगुरुओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने की शपथ ली।

अभियान की विशेषता यह रही कि इसमें विवाह समारोहों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी हितधारकों को शामिल किया गया। पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, रसोइयों, सजावट का कार्य करने वालों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट व्यवसायियों और शादी के कार्ड छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस संचालकों ने भी शपथ ली कि वे किसी भी बाल विवाह में भागीदार नहीं बनेंगे। साथ ही कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।

कार्यक्रम में बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक धर्मराज प्रतिहार एवं संरक्षण अधिकारी अनुराधा तन्बोलिया, महिला एवं बाल विकास विभाग से घनश्याम कुमावत, राजीविका समूह की महिलाएं, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) से हेमंत सिसोदिया, नीति आयोग के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम से CRA, नवाचार संस्थान के जिला समन्वयक जितेन्द्र सिंह तोमर सहित संस्थान की टीम ने भाग लिया।

तीन वर्षों से बाल विवाह के खिलाफ जारी है अभियान

नवाचार संस्थान के सचिव अरुण कुमावत ने कहा कि संस्थान पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह समाप्त करने के लिए लगातार काम कर रहा है। यह केवल एक अपराध को समाप्त करने का अभियान नहीं, बल्कि देश की बेटियों को उनका बचपन, शिक्षा और अपने भविष्य का फैसला लेने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब बेटियां शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार, प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से भीलवाड़ा को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सकेगा।

भारत से शुरू हुई मुहिम को मिली वैश्विक पहचान

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने बताया कि 4 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से 27 नवंबर को बाल, कम उम्र एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने का प्रस्ताव स्वीकार किया था। यह जेआरसी और उसके संस्थापक भुवन ऋभु के वर्षों के प्रयासों की महत्वपूर्ण वैश्विक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारत में बाल विवाह रोकने के लिए शुरू हुई मुहिम को आज संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में स्थान मिला है। यह प्रमाण है कि स्थानीय स्तर पर शुरू हुआ प्रयास सामूहिक भागीदारी से वैश्विक आंदोलन का रूप ले सकता है।

भीलवाड़ा में वर्ष 2024-25 में रुकवाए 256 बाल विवाह

जेआरसी के 300 से अधिक सहयोगी संगठन देश के 782 जिलों में बाल विवाह उन्मूलन के लिए काम कर रहे हैं। नेटवर्क के अनुसार पिछले तीन वर्षों में देशभर में साढ़े छह लाख से अधिक बाल विवाह रुकवाए गए हैं। वहीं नवाचार संस्थान ने स्थानीय प्रशासन के समन्वय और सहयोग से अकेले वर्ष 2024-25 में भीलवाड़ा जिले में 256 बाल विवाह रुकवाए।

राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश में बाल विवाह की दर वर्ष 2019-21 में 23.3 प्रतिशत थी, जो वर्ष 2023-24 में घटकर 20.1 प्रतिशत रह गई। वहीं भीलवाड़ा जिले के लिए वर्ष 2023-24 का यह आंकड़ा 45.2 प्रतिशत बताया गया है।

नवाचार संस्थान के सचिव अरुण कुमावत ने कहा कि देश की हर बेटी को पढ़ने, आगे बढ़ने और अपने भविष्य के फैसले स्वयं लेने का अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह बच्चियों से यह अधिकार छीन लेता है और उनके सपनों को समय से पहले खत्म कर देता है। इसलिए बाल विवाह के खिलाफ संघर्ष बेटियों के बेहतर भविष्य और सशक्त समाज के निर्माण की लड़ाई है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड