परिवारों को संस्कारित करने में संतों की प्रेरणा आवश्यक : अशोक तिवारी

खबर को शेयर करे :-

मालासेरी डूंगरी में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मार्गदर्शक मंडल की बैठक आयोजित, धर्माचार्यों ने समाज जागरण पर दिया जोर

आसींद। विश्व हिंदू परिषद के धर्माचार्य आयाम की ओर से प्रांत मार्गदर्शक मंडल की बैठक भगवान देवनारायण की प्राकट्य स्थली मालासेरी डूंगरी में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न जिलों से आए संत-महात्माओं एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लेकर सामाजिक और धार्मिक विषयों पर विचार-विमर्श किया।

विभाग मंत्री विजय ओझा ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से प्रतिवर्ष प्रांतीय मार्गदर्शक मंडल के धर्माचार्यों की बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में इस वर्ष भी मालासेरी डूंगरी में बैठक का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर रामनरेश राम जी महाराज, महामंडलेश्वर सीताराम जी महाराज, मालासेरी डूंगरी मंदिर के हेमराज जी पोसवाल महाराज, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी, क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद कुमार, प्रांत संगठन मंत्री नितिन जी एवं प्रांत मंत्री कौशल गौड़ मंचासीन रहे। अतिथियों ने भारत माता, रामदरबार एवं भगवान देवनारायण के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख नरेंद्र भगत ने आचार पद्धति संपन्न करवाई।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने संतों को संबोधित करते हुए कहा कि परिवारों को संस्कारित करने में संतों की प्रेरणा और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल की पूर्व बैठक में लिए गए प्रस्तावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों में बढ़ती नशाखोरी, जनसंख्या असंतुलन एवं परिवारों के विखंडन जैसे गंभीर सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इन चुनौतियों के समाधान के लिए संत समाज की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।

बैठक में उपस्थित संतों ने अपने आशीर्वचनों में हिंदू धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। संतों ने कहा कि धर्माचार्यों को आश्रमों तक सीमित न रहकर समाज के बीच जाकर लोगों को जागरूक करना चाहिए। इस दौरान नृसिंह गिरी जी महाराज (कुशलगढ़, बांसवाड़ा), रामदास जी महाराज (लटूरी गौशाला, कोटा), नारायणदास जी महाराज (उदयपुर), संत दयाराम जी महाराज, पावन दास जी महाराज, रामकृष्णदास जी महाराज (पाटन), रामावतार जी शास्त्री, महामंडलेश्वर रामनरेश दास जी महाराज एवं दशरथ दास जी महाराज सहित अन्य संतों ने विचार व्यक्त किए।

क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद कुमार ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन ने राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री से मिलकर पूर्व में सख्त कानून बनाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर कानून पारित किया। वहीं प्रांत मंत्री कौशल गौड़ ने देशभर में चल रहे विश्व हिंदू परिषद के हितचिंतक अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर नए सदस्यों को संगठन से जोड़ रहे हैं। अभियान 6 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा।

सह प्रांत मंत्री सुंदर कटारिया ने संगठन की कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए दो-दो विभागों के स्तर पर मार्गदर्शक मंडल की बैठकें आयोजित कर संगठन विस्तार की योजना की जानकारी दी। अंत में शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर सह प्रांत मंत्री किशन गुर्जर, अजमेर विभाग संगठन मंत्री बनवारी लाल जोशी, सह प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख बसंत लाल चौबीसा एवं मुकेश जोशी, भीलवाड़ा विभाग मंत्री विजय ओझा, आसींद जिला मंत्री अभिषेक सर्वा, सह जिला मंत्री मुकेश तंवर, डॉ. भवानी शंकर शर्मा सहित विभिन्न जिलों के धर्माचार्य संपर्क प्रमुख एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड