केशव पोरवाल हॉस्पिटल से रोडवेज बस स्टैंड तक होगा निर्माण कार्य
भीलवाड़ा, 23 मई। शहर में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शुक्रवार को प्रस्तावित बड़े नाला निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया। यह नाला केशव पोरवाल हॉस्पिटल से रोडवेज बस स्टैंड तक बनाया जाएगा, जिस पर करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने यूआईटी अधिकारियों और तकनीकी टीम से निर्माण योजना, जल निकासी व्यवस्था और कार्य की गुणवत्ता को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
विधायक कोठारी ने कहा कि हर वर्ष बरसात के दौरान शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। इससे आमजन, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से बड़े नाले का निर्माण करवाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के समय यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर यूआईटी अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।
