नव नियुक्त भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार से विधायक कोठारी ने की शिष्टाचार भेंट

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा भीलवाड़ा जिले के चहुंमुखी विकास एवं संगठन की मजबूती के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर विधायक कोठारी ने मानव सेवा संघ के प्रवर्तक स्वामी श्री शरणानंद जी महाराज से संबंधित संस्मरणों का संकलन ‘तरुतले’ तथा ओशो की पुस्तक ‘भारत एक अमृत पथ’ भेंट कर उनका स्वागत किया।

अजेय कुमार ने पुस्तकों का अवलोकन करते हुए उनकी विषयवस्तु की सराहना की तथा कहा कि इस प्रकार का साहित्य राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना एवं भारतीय जीवन मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचारों से युक्त साहित्य समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है।

भेंट के दौरान विधायक अशोक कुमार कोठारी ने भीलवाड़ा जिले में संचालित विकास कार्यों, जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की। अजेय कुमार ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा जनसेवा के माध्यम से आमजन से निरंतर जुड़े रहने का मार्गदर्शन प्रदान किया।

विधायक कोठारी ने विश्वास व्यक्त किया कि अजेय कुमार के नेतृत्व, संगठनात्मक अनुभव एवं कार्यशैली से राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी, एडवोकेट अर्पित कोठारी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-