रावणा राजपूत समाज की बैठक आयोजित, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता पर हुई चर्चा

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 28 जून। श्री अखिल रावणा राजपूत सेवा संस्थान राजस्थान की महिला प्रदेश महामंत्री निशा कंवर गौड़ के नेतृत्व में रावणा राजपूत समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समाज के वरिष्ठजन लादू सिंह राणावत, प्रहलाद सिंह चौहान, रतन सिंह सांखला एवं हिम्मत सिंह राणावत सहित अन्य समाजबंधुओं ने भाग लिया। इस दौरान समाज के विकास एवं संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज को एक समान पहचान “रावणा राजपूत” नाम से स्थापित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सरकार द्वारा कराई जाने वाली जातिगत जनगणना में जाति कॉलम में रावणा राजपूत अंकित कराने के लिए समाज के लोगों को जागरूक करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भामाशाहों के सहयोग से सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास करने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज की मातृशक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसके लिए सामाजिक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को नेतृत्व और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक में एडवोकेट पीरू सिंह गौड़, राजू सिंह, आशीष सिंह, अभिषेक सिंह, महेंद्र सिंह चौहान सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड