11 साल की खाकी… और अगले ही दिन एसीबी का ट्रैप

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा कोतवाली का कांस्टेबल 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

भीलवाड़ा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जिले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना के कांस्टेबल रज्जाक मोहम्मद को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। खास बात यह है कि आरोपी कांस्टेबल ने 29 जून को ही पुलिस विभाग में अपनी 11 वर्ष की सेवा पूरी की थी और उसके अगले ही दिन एसीबी के ट्रैप में पकड़ा गया।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भीलवाड़ा-प्रथम टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी कांस्टेबल पर आरोप है कि उसने परिवादी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में जल्द कार्रवाई करने के नाम पर पहले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी, जिसे बाद में 15 हजार रुपये पर तय किया गया। आरोपी पहले ही 5 हजार रुपये ले चुका था और शेष राशि की मांग कर रहा था।

परिवादी ने 29 जून 2026 को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन तथा उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 6 हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया। आरोपी ने रिश्वत की राशि अपनी मोटरसाइकिल की टंकी पर लगे कपड़े के बैग में रखवाई थी, जहां से एसीबी ने रकम बरामद कर ली।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर 24 घंटे दर्ज कराई जा सकती हैं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड