व्यवसाय प्रतिनिधियों की कार्यकुशलता को मिला सम्मान, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर जोर

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 24 सितंबर। बैंक ऑफ बड़ौदा, भीलवाड़ा क्षेत्र की ओर से नगर निगम टाउन हॉल में “व्यवसाय प्रतिनिधि कार्य कौशल एवं सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में भीलवाड़ा एवं चित्तौड़गढ़ जिले से करीब 400 व्यवसाय प्रतिनिधियों (BC) ने भाग लिया।

समारोह में अटल पेंशन योजना, माइक्रो इंश्योरेंस, बैंक खाते खोलने, विभिन्न बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा ग्राहकों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यवसाय प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, भीलवाड़ा क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख डॉ. राजेश भाकर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यवसाय प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि व्यवसाय प्रतिनिधि बैंक और आमजन के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।

डॉ. भाकर ने व्यवसाय प्रतिनिधियों से अपील की कि वे बैंकिंग उत्पादों और सेवाओं की जानकारी देने के साथ ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय जागरूकता तथा सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के प्रति भी जागरूक करें। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

समारोह में जिला अग्रणी प्रबंधक अशोक कुमार पाण्डेय ने भी व्यवसाय प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में व्यवसाय प्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।

इस दौरान व्यवसाय प्रतिनिधियों की कार्यकुशलता बढ़ाने, ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं उत्पादों को प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

खबर को शेयर करे :-