अमावस्या पर 90 जरूरतमंद परिवारों को पांच-पांच किलो आटे का वितरण, मानव दया अभियान के तहत जारी है सेवा कार्य
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। राजस्थान जनमंच की ओर से जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए संचालित मानव दया अभियान के तहत अमावस्या पर सेवा कार्य किया गया। काशीपुरी रोड पर आयोजित कार्यक्रम में 90 जरूरतमंद परिवारों की महिला मुखियाओं को पांच-पांच किलो आटे के कट्टे निःशुल्क वितरित किए गए।
राजस्थान जनमंच पिछले पांच वर्षों से प्रत्येक माह अमावस्या पर नियमित रूप से यह सेवा कार्य कर रहा है। अभियान के तहत अब तक कुल 27,500 किलो यानी 27.5 टन आटे का वितरण किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की रसोई तक खाद्य सामग्री पहुंचाकर उनकी दैनिक जरूरतों में सहयोग करना है।
इस अवसर पर समाजसेवी कमल सोनी ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद लोगों की मदद करना ही मानवता का सच्चा धर्म है। जरूरतमंद परिवारों की सहायता केवल सेवा कार्य नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। समाज के सक्षम लोगों को वंचित और अभावग्रस्त परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नियमित सेवा कार्यों से ही समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में भीलवाड़ा इलेक्ट्रिक डीलर्स एसोसिएशन के संरक्षक रामपाल सोनी, रामचंद्र मूंदड़ा, जयनारायण जोशी, हार्दिक सोनी, भानु सालवी, द्वारका नुवाल, कालू धोबी, मोनू प्रजापत, किशन गाडरी, विनोद जाट एवं लोकेश खारोल सहित अन्य उपस्थित रहे।

