भीलवाड़ा। जिले में ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी भीलवाड़ा एवं थाना प्रतापनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर दबिश देकर करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टे के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 4 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 34 मोबाइल, 3 पेन ड्राइव, नोट गिनने की मशीन सहित 1 लाख 81 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन एवं वृत्ताधिकारी शहर सज्जन सिंह के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
थानाधिकारी राजपाल सिंह को डीएसटी से सूचना मिली कि चंद्रशेखर आजादनगर स्थित दो मकानों में चेन्नई बनाम दिल्ली आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने म.न. 7बी14 एवं 7बी32 चंद्रशेखर आजादनगर में दबिश दी।
तलाशी के दौरान एक मकान से 8 मोबाइल, एक लैपटॉप, पेन ड्राइव, नोट गिनने की मशीन, सट्टे का हिसाब-किताब लिखी डायरी एवं रजिस्टर बरामद हुए। वहीं दूसरे मकान से 25 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 2 पेन ड्राइव तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप कॉल के जरिए करोड़ों रुपए का आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे थे।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुभम न्याती, लक्ष्मण दुलानी एवं रविशंकर मोदी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ प्रतापनगर थाने में बीएनएस, जुआ अधिनियम एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।गिरफ्तार आरोपी—
1. शुभम न्याती (27) निवासी चंद्रशेखर आजादनगर, भीलवाड़ा
2. लक्ष्मण दुलानी (45) निवासी अजमेर हाल चंद्रबरदाई नगर, अजमेर
3. रविशंकर मोदी (33) निवासी हरदोई, उत्तरप्रदेश हाल निवासी चंद्रशेखर आजादनगर, भीलवाड़ा
इस कार्रवाई में डीएसटी, प्रतापनगर थाना एवं गांधीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की विशेष भूमिका रही।
