छात्राओं ने समझी एफएसटीपी की कार्यप्रणाली, किया ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा – राजेन्द्र खटीक। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना आरयूआईडीपी के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के तहत आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय गांधी नगर की छात्राओं को जहाजपुर रोड स्थित निर्माणाधीन फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और आधुनिक तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी देना रहा।

भ्रमण के दौरान नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता प्रहलाद गुलपारिया ने छात्राओं को एफएसटीपी की कार्य प्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने प्लांट में उपयोग होने वाली विभिन्न तकनीकी इकाइयों जैसे प्राइमरी ट्रीटमेंट यूनिट, एमबीआर, स्टेबलाईजेशन टैंक, स्क्रू प्रेस एवं स्लज ड्रायर आदि के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी।

कार्यक्रम में कैप इकाई के सहायक सामाजिक विकास एवं जेंडर स्पॉट अधिकारी महेंद्र सिंह राणावत ने विद्यार्थियों को बताया कि नगर पालिका में निर्धारित 1500 रुपये शुल्क जमा कर सेप्टिक टैंक एवं शोकपिट की सफाई करवाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि एफएसटीपी में अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से उपचार कर उसे खाद के रूप में उपयोगी बनाया जाएगा, जिससे गंदगी और प्रदूषण की समस्या में कमी आएगी तथा वातावरण स्वच्छ रहेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घरों के सेप्टिक टैंक की नियमित रूप से लगभग पांच वर्ष में सफाई करवाने के लिए जागरूक किया। साथ ही टोल फ्री नंबर 18002578182 के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ वातावरण और आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व के बारे में भी समझाया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक अशोक शर्मा, चंदा सुथार सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

खबर को शेयर करे :-