भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ श्री सगस हरि हर महायज्ञ, श्रद्धा और भक्ति से गूंजा पाण्डु का नाला क्षेत्र

खबर को शेयर करे :-

पुष्पवर्षा, धार्मिक झांकियों और भजन-कीर्तन के बीच निकली विशाल शोभायात्रा

भीलवाड़ा।
गायत्री नगर स्थित पाण्डु का नाला रेलवे पुलिया के पास श्री सगस दरबार मंदिर परिसर में गुरुवार को नव कुंडीय श्री सगस हरि हर महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं रामलीला महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उत्साह और भक्ति भावना से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश यात्रा का शुभारंभ मालोला चौराहा स्थित प्राचीन श्री चारभुजानाथ मंदिर में पूजा-अर्चना और मंगल पाठ के साथ किया गया। इसके बाद निकली शोभायात्रा में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं, जबकि पुरुष श्रद्धालु सफेद वस्त्रों में नजर आए। जयकारों, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

मीडिया प्रभारी मनोज व्यास और अधिवक्ता कन्हैया लाल तेली ने बताया कि शोभायात्रा में सुसज्जित रथ पर पूज्य महंत श्री 1008 श्री राम सागर दास जी, संत श्री 1008 धर्मदास त्यागी महाराज बनेड़ा एवं भोपा जी श्री रामेश्वर गाडरी विराजमान रहे। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा कर संतों का स्वागत किया।

शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, घोड़े, बग्गियां, विशाल नासिक घंटा और मसूरी ढोल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कई स्थानों पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा की गई, जिसने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल, शरबत और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई।

शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री सगस मंदिर परिसर पहुंची, जहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसके बाद यज्ञाचार्य पंडित गौरी शंकर शास्त्री के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नव कुंडीय हरिहर महायज्ञ शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

दोपहर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में कथा वाचक पंडित सूर्य प्रकाश शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और भक्ति महिमा का वर्णन किया। वहीं रात्रि में नागौर से आए कलाकारों द्वारा रामलीला मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

पूरे आयोजन स्थल को रंग-बिरंगी रोशनी और विद्युत सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है। आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक महोत्सव 29 मई तक जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन यज्ञ, भागवत कथा, भजन संध्या और रामलीला का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, पूर्व प्रधान गजराज सिंह हाथीपुरा, अनुसूचित जाति प्रदेश मंत्री रोशन मेघवंशी, मंडल महामंत्री तेजेन्द्र सिंह शक्तावत, पूर्व पार्षद प्रकाश भील, ललित भाटी, सुरेश शर्मा, गोविंद परीक, सुरेश शर्मा, कैलाश माली, कालू शंकर शर्मा, अप्पू प्रजापत, सुरेन्द्र भंडारी, हिम्मत सिंह, ओम जी चक्की वाले सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-