सड़क, सीवरेज, सफाई और आवारा पशुओं पर फोकस, दीपावली से पहले शहर को व्यवस्थित करने की तैयारी

खबर को शेयर करे :-

विधायक अशोक कोठारी ने महापौर, उपमहापौर और निगम आयुक्त के साथ की बैठक

भीलवाड़ा, 24 सितंबर। दीपावली पर्व से पहले शहर की जनसुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने को लेकर भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी ने नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी और निगम आयुक्त कमल सिंह यादव के साथ बैठक की। बैठक में शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान और आगामी दिनों में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में शहर की सड़कों पर घूम रहे गौवंश, विभिन्न कॉलोनियों में कुत्तों की समस्या, सड़कों पर गड्ढे, सीवरेज से जुड़ी समस्याएं, सड़क एवं नालियों की सफाई, कॉलोनियों के उद्यानों के उचित रखरखाव सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

विधायक अशोक कोठारी ने अधिकारियों से कहा कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने विशेष रूप से दीपावली से पहले शहर की साफ-सफाई, सड़कों, नालियों, सीवरेज और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए पुख्ता तैयारियां सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग और प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।

निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने बैठक में आश्वस्त किया कि शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर भीलवाड़ा शहर में सकारात्मक परिवर्तन आमजन को नजर आने लगेगा।

महापौर जसवंत कंवर ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाने की बात कही।

बैठक में विश्व प्रताप सिंह, भूपेंद्र सिंह, विधायक वरिष्ठ मीडिया प्रभारी सत्यम शर्मा, निजी सहायक गजेंद्र सिंह एवं संजय राठी सहित अन्य उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-